ग्रामीण संस्कृति और लोक परंपराओं को समर्पित “लोक संस्कृति एवं लोकगीत संध्या” का आयोजन 31 मई को



बस्ती:  जनपद के विकासखण्ड बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत शेखपुरा में दिनांक 31 मई 2026 को “लोक संस्कृति एवं लोकगीत संध्या” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह सांस्कृतिक आयोजन ट्री इनिशिएटिव्स सोसायटी एवं उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में पंचायत भवन, शेखपुरा में सायं 04:00 बजे से आयोजित होगा।


कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायिका दीपाली त्रिपाठी एवं अन्य लोक कलाकारों द्वारा लोकगीत, पारंपरिक संगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण संस्कृति, लोक परंपराओं एवं भारतीय लोककला को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करना है।


कार्यक्रम के संयोजक गौतम कुमार ने बताया कि समाज में अलग पहचान और योगदान देने वाले विभिन्न जनों के साथ-साथ कार्यक्रम में आत्मनिर्भर महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।


संस्था के सचिव सच्चिदानंद शुक्ला ने बताया कि संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से आने वाली लोक कलाकारों की टीम देश के अनेक प्रतिष्ठित मंचों एवं दूरदर्शन पर अपनी प्रस्तुतियों से लोकसंस्कृति को नई पहचान दे चुकी है। उन्होंने कहा कि दीपाली त्रिपाठी एवं विंध्यवासिनी पाठक जैसी सुप्रसिद्ध लोकगायिकाओं की प्रस्तुति ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए एक विशेष आकर्षण होगी तथा यह आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का माध्यम बनेगा।


कार्यक्रम में क्षेत्र के ग्रामवासियों, युवाओं एवं संस्कृति प्रेमियों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विशेष आमंत्रण दिया गया है। आयोजन समिति ने सभी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


ट्री इनिशिएटिव्स सोसायटी के अध्यक्ष प्रभाकर ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन ग्रामीण समाज में सांस्कृतिक चेतना एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post