कृषि से स्नातक करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है मऊ जिले में 9 एग्री जंक्शन खुलेंगे जिसके लिए आवेदन मांगे गए हैं। जिसको लेकर उप कृषि निदेशक सोम प्रकाश गुप्ता
ने बताया कि कृषि उत्पाद में स्थाई एवं नियमित वृद्धि, कृषकों की आय में वृद्धि, कृषकों के आर्थिक एवं सामाजिक स्तर मे उन्नयन तथा शासन द्वारा किसानों के हितार्थ संचालित योजनाओं की जानकारी एवं उसका लाभ किसानों तक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलम्बन योजना (एग्रीजंक्शन) के अर्न्तगत जनपद के समस्त विकास खण्डों में एक-एक एग्रीजंक्शन कुल 9 एग्रीजंक्शन "वन स्टाप शाप" खोले जाने का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जनपद के इच्छुक लाभार्थी, जो कृषि स्नातक हैं और जिनकी आयु 40 वर्ष से अधिक न हो (अनुसूचित जाति/जनजाति/महिलाओं को 05 वर्ष की छूट) योजना हेतु आवेदन कर सकता है। पात्र अभ्यर्थियों में जिनकी जन्मतिथि पहले है, उन्हें पहले वरीयता दी जायेगी। पात्र अभ्यर्थी कृषि विभाग की विभागीय वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in/agrijunction पर दिये गये लिंक के माध्यम से दिनांक 30 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। अतः जनपद-मऊ के मूल निवासी कृषि स्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी अपना आन लाइन आवेदन पत्र शैक्षिक प्रमाण पत्र, आय, जाति, निवास, आधार एवं पैन अपलोड करें। आफ लाइन कोई आवेदन स्वीकार्य नहीं होगा। अधिक जानकारी हेतु उप कृषि निदेशक, मऊ कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क कर सकते हैं।
