तमसा नदी के गायघाट तट पर सांस्कृतिक संध्या और भव्य गंगा आरती का आयोजन, नदियों को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प

मऊ: गंगा दशहरा के उपलक्ष्य में रविवार 25 मई 2026 को जनपद मऊ स्थित तमसा नदी के गायघाट तट पर जिला गंगा समिति मऊ द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, डीसीएसके पीजी कॉलेज एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से सांस्कृतिक संध्या और भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल कुमार जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस दौरान लोक गायिका श्रीमती मंजू चौहान ने अपने मधुर लोकगीतों के माध्यम से लोगों को तमसा नदी को स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने का संदेश दिया। उनके गीतों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद नदी तट पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा आरती की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव ने कहा कि नदियां केवल आस्था का केंद्र नहीं बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि नदियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। लोगों को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए उन्होंने कहा कि यदि हमारी नदियां स्वच्छ रहेंगी तो समाज और देश भी स्वस्थ रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने तमसा नदी की स्वच्छता बनाए रखने एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन में सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post