बस्ती: जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के जिनवा गांव में नाली खोलने के विवाद को लेकर महिला के साथ मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पीड़िता रंजना गौड़ पत्नी जयराम गौड़ ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 16 मई 2026 की सुबह करीब 7 बजे गांव के कई लोगों ने एकराय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि मारपीट के दौरान महिला को जमीन पर पटककर बाल पकड़कर घसीटा गया और नाले में मुंह डुबोकर जान से मारने की कोशिश की गई।
पीड़िता के अनुसार हमले में उसका हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ ही करीब 90 हजार रुपये की सोने की माला और कान की सोने की बाली छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने स्थानीय पुलिस पर सही तरीके से शिकायत दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए एसपी से आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
