बस्ती जनपद की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाली मनोरमा नदी की दुर्दशा और मखौड़ा धाम मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण को लेकर बुधवार को हरैया विधायक अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्र सौंपा है विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि मनोरमा नदी वर्तमान में अत्यधिक गंदगी और जलकुंभी से पटी हुई है, जिससे उसका मूल स्वरूप और निर्मलता लगातार समाप्त होती जा रही है।
उन्होंने बताया कि अयोध्या की 84 कोसी परिक्रमा मार्ग पर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मखौड़ा धाम मनोरमा नदी के तट पर स्थित है। जहां महाराजा दशरथ द्वारा पुत्र कामेष्टि यज्ञ किए जाने की मान्यता है। ऐसे में नदी का धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व और अधिक बढ़ जाता है। विधायक ने मुख्यमंत्री से लगभग 115 किलोमीटर लंबे मनवर नदी क्षेत्र की साफ-सफाई, डी-शिल्टिंग और जलकुंभी निकासी का कार्य आधुनिक मशीनों के माध्यम से कराने की मांग की, ताकि नदी को पुनर्जीवित किया जा सके।
इसके साथ ही विधायक अजय सिंह ने मखौड़ा धाम मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध भी किया है। उन्होंने बताया कि जर्जर हो चुके मंदिर का पुनर्निर्माण उनके प्रयासों से कराया जा रहा है और चार शिखरों वाले भव्य मंदिर का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। आगामी तीन माह में मंदिर निर्माण पूरा होने की संभावना है।
अजय सिंह ने मुख्यमंत्री से मखौड़ा धाम से अयोध्या धाम तक प्रस्तावित श्रीराम अवतरण कॉरिडोर परियोजना को शीघ्र अंतिम रूप देने की मांग करते हुए कहा कि सौंदर्यीकरण और विकास कार्य पूरे होने से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी तथा क्षेत्र का धार्मिक पर्यटन भी बढ़ेगा।
