मऊ। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने तहसील सदर में जनसुनवाई कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान संबंधित शिकायतकर्ता से संवाद अवश्य करें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वह कार्रवाई से संतुष्ट है। उन्होंने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान तहसील सदर में कुल 116 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं 4 मामलों के समाधान के लिए राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा गया। प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 70 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा 16 शिकायतें विकास विभाग, 11 शिकायतें पुलिस विभाग तथा शेष अन्य विभागों से संबंधित थीं। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनसमस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान है। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक शिकायत का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, उप जिलाधिकारी सदर अवधेश चौहान, तहसीलदार शैलेंद्र प्रताप सिंह सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

