मऊ पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस लाइन मऊ के सभागार कक्ष में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों (पेंशनर्स) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशन, चिकित्सा सुविधाओं, पारिवारिक लाभों तथा अन्य विभागीय विषयों से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने पेंशनर्स की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी विभाग की अमूल्य धरोहर हैं और उनका अनुभव वर्तमान पुलिस बल के लिए मार्गदर्शक है।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान टेलीफोन ड्यूटी, जीडी कार्यालय समेत विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

