मऊ बीएड परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार डीसीएसके खंडेलवाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मऊनाथ भंजन में आयोजित बीएड द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान मूल परीक्षार्थी के प्रवेश पत्र में फोटो से छेड़छाड़ कर उसकी जगह परीक्षा देने का प्रयास किया गया था।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने वांछित अभियुक्त आनंद साहनी (25) निवासी मर्यादपुर, थाना रामपुर, जनपद मऊ को बुधवार को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि प्रतियोगी एवं शैक्षणिक परीक्षाओं को निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। मामले में कोतवाली नगर थाने में संबंधित धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
